देवेन्द्र नगर मुक्तिधाम से पंडरी कपड़ा मार्केट तक का रास्ता अब स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अयोध्या प्रसाद जैन मार्ग कहलाएगा

0 महापौर व सभापति ने कहा- शहीद स्मारक का बदलेगा स्वरुप

मिसाल न्यूज़

रायपुर। देवेन्द्र नगर मुक्तिधाम से पंडरी कपड़ा मार्केट तक का रास्ता अब स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अयोध्या प्रसाद जैन मार्ग कहलाएगा। इस पर आज शाम बकायदा मार्ग नामकरण अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मीनल चौबे थीं एवं अध्यक्षता नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने की। विशेष अतिथि नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, निगम वित्त  विभाग अध्यक्ष महेन्द्र खोड़ियार एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संघ की संरक्षक श्रीमती सविता पाठक थीं। महापौर को ‘भारत गौरव’ तथा सभापति को ‘स्वातंत्र्य गौरव’ से संबोधित करते हुए उनका अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर महापौर  श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि राजधानी रायपुर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की विरासत शहीद स्मारक के प्रति हम सब के दिल में बेहद सम्मान है। स्मारक की खाली पड़ी जगह पर नगर निगम कुछ करना चाह रहा था। सेनानी परिवार के लोगों ने उस पर असहमति जताई तो हमने उसे रद्द करने में भी देर नहीं लगाई। हम सेनानी परिवारों की भावनाओं का सम्मान करते थे, करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। महापौर बनने के बाद मेरा शहीद स्मारक जाना हुआ। महसूस हुआ कि वहां बनी सीढ़ियां बुजुर्गों के चढ़ने-उतरने के लिए बेहद कष्टप्रद हैंं। जल्द ही हम शहीद स्मारक परिसर में लिफ्ट लगवाने जा रहे हैं।

सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि नामकरण का यह प्रस्ताव नगर निगम की पिछली परिषद में रखा गया था, जो कि अब श्रीमती मीनल चौबे जी के कार्यकाल में साकार हुआ है। कल ही स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी ने घोषणा की है कि रायपुर के प्राचीन टाउन हॉल तथा शहीद स्मारक परिसर का 50-50 लाख व्यय कर कायाकल्प कराया जाएगा।

प्रारंभ में कार्यक्रम संयोजक कैलाश रारा ने आयोजन की भूमिका पर प्रकाश डाला। कवि राजेश जैन ‘राही’ ने देशभक्ति पर कविता पढ़ी। नगर निगम के सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारी तथा सेनानी परिवार के सदस्य अरुण दुबे ने सेनानी उत्तराधिकारी संघ के प्रतिनिधि के रुप में अपनी बात रखी। कार्यक्रम का संंचालन श्रीमती ममता जैन ने किया। आभार प्रदर्शन स्वतंत्रता सेनानी स्व. अयोध्या प्रसाद जैन के पुत्र अजय जैन ने किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेनानी परिवार के लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *