बंद पड़े चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज को डबल कीमत में खरीदने के पीछे बड़ा भ्रष्टाचार- देवलाल ठाकुर

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार व्दारा 278 करोड़ में दुर्ग जिले के चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज को खरीदा जाना भ्रष्टाचार का जीता जागता प्रमाण है। कॉलेज अधिग्रहित करने के बावजूद आज तक उसका चालू नहीं हो पाना सरकार की अकर्मण्यता को दर्शाता है।

एकात्म परिसर में आज देवलाल ठाकुर ने प्रेस वार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज को मूल्यांकित राशि 139 करोड़ की जगह उससे डबल 278 करोड़ में खरीदा। छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य मंत्री ने अधिग्रहण विधेयक के संबंध में विधानसभा में गलत जानकारी दी कि चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज चालू स्थिति में है। वास्तविकता यह है कि मेडिकल काउंसलिंग ने 2017 में ही इस कॉलेज को अमान्य कर दिया था। तब से लेकर अधिग्रहण करने तक की स्थिति में यह अमान्य ही है।छत्तीसगढ़ सरकार अधिग्रहण पश्चात निर्धारित समय पर कॉलेज का निरीक्षण नहीं करा पाई जिसके कारण इस वर्ष भी चंदूलाल मेडिकल कॉलेज को मान्यता नहीं मिल सकी। इस वर्ष भी कॉलेज पढ़ाई के लिए मान्य नहीं है। वहीं मुख्यमंत्री कॉलेज के अधिग्रहण को लेकर प्रचारित करते रहे कि वहां पढ़ाई के लिए अनुमति मिल गई है। वास्तविकता यह है 4 वर्षों से यह कालेज जीरो ईयर घोषित है। अभी तक में यही स्थिति बनी हुई है।

ठाकुर ने कहा कि कॉलेज के कुछ संचालकों को अनुचित लाभ देने के लिए जल्दबाजी में अधिग्रहण कर लिया गया। ज्ञात रहे कि संचालकों ने नियम विपरीत शासकीय भूमि को बंधक रखकर लगभग 150 करोड़ से भी ज्यादा राशि का लोन ले लिया था। उक्त ऋण प्रकरण पर एनसीएलटी ने कार्यवाही करते हुए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज की सारी संपत्ति कुर्क करने के आदेश दे दिए हैं। सरकार ने ऋण की जानकारी के बावजूद बिना बैंक ऋण अदा किए कॉलेज का अधिग्रहण कर लिया। मूल्यांकनकर्त्ता अधिकारियों ने इस पर निजी ऋण होने का उल्लेख भी किया था तथा प्रबंधन की देनदारियों को लेकर 245 करोड़ की बात मूल्यांकन मूल्यांकन में सामने आई थी। सारी जानकारी एमसीआई से छुपाई गई। शायद इसके पीछे संचालकों एवं सरकार में गुप्त करार हो। बहरहाल छत्तीसगढ़ को बड़ा नुकसान हो गया। मेडिकल कॉलेज की कुर्की के लिए बैंक ने रेट 141 करोड़ रखा था। रूंगटा प्रबंधन ने इसे लगभग 165 करोड़ में खरीदने का अनुबंध किया था जिसमें लगभग 70 करोड़ का भुगतान भी हो चुका था। इसके बावजूद इसे 278 करोड़ में खरीदा जाना निश्चित ही बड़ा भ्रष्टाचार है।

प्रेस वार्ता में भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा, केदारनाथ गुप्ता एवं दीपक म्हस्के मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *