डॉ अजय सहाय को “बेस्ट फिजिशियन ऑफ द ईयर” अवॉर्ड

मिसाल न्यूज़

रायपुर। सुप्रसिद्ध कंसल्टेंट फिजिशियन एवं फ़िल्म जगत में अलग पहचान रखने वाले डॉ अजय सहाय का चयन ” बेस्ट फिजिशियन ऑफ द ईयर”
अवॉर्ड के लिए किया गया है। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर दिया जाने वाला यह राष्ट्रीय सम्मान उन्हें आगामी 16 अगस्त को दिल्ली में आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मेलन में दिया जाएगा।

विदित हो कि हाइपेज नेटवर्क इंडिया द्वारा इस अवसर पर भारत के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा। डॉ अजय सहाय विगत चार दशकों से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों, ट्राइबल्स, छत्तीसगढ़ के संवेदनशील नक्सल क्षेत्रों एवं समाज के कमजोर तबकों में जाकर पूरी निष्ठा के साथ अपनी बहुमूल्य हेल्थकेयर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। वे जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों के साथ साथ अन्य जरूरतमंद चीजों जैसे स्कूल ड्रेस, स्टेशनरी आइटम्स, चरण पादुकाएं, छतरियाँ, स्वेटर्स, कंबल, रेनकोट एवं कुपोषित लोगों को हेल्थ सप्लीमेंट्स भी प्रदान करते हैं। जागरूकता अभियानों के माध्यम से सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, सामाजिक कुरीतियों और अस्वच्छता के कारण होने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी देते हैं।

अति विशिष्ट समाज सेवाओं के लिए डॉ सहाय को पहले भी बहुत से अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी उन्हें कई बार राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित कर चुकी है। भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एवं देश के अनेक राज्यपालों सहित हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों एवं बहुत सी अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त विभूतियां उन्हें सम्मानित कर चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *