भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहाः भाई-बहन की पार्टी चला रहे भूपेश

मिसाल न्यूज़

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने कहा कि देश की अधिकांश राजनीतिक पार्टियां परिवारवाद के घेरे तक सिमटकर रह गई हैं। भाजपा इस मामले में अपवाद है। भूपेश  बघेल यहां भाई-बहन की पार्टी चला रहे हैं।

साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जे.पी. नड्डा ने कहा कि राज्यों की बहुत सी क्षेत्रीय पार्टियों में भी परिवारवाद हावी है। कश्मीर, पंजाब, उत्तरप्रदेश, बिहार, बंगाल, तेलंगाना एवं तमिलनाडु में इसके उदाहरण मिल जाएंगे। यहां तक कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने से पहले शिवसेना भी तो परिवार की पार्टी थी। राहुल गांधी भारत जोड़ो कार्यक्रम कर रहे  हैं। पहले अपनी पार्टी को तो जोड़ लें। जिस कांग्रेस में जो लोग 50-50 साल काम किए वो पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। हमारी लड़ाई वंशवाद के खिलाफ है, जिसे वैचारिक पृष्ठभूमि पर लड़ेंगे।

नड्डा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की इस पावन भूमि में मां बम्लेश्वरी, मां दंतेश्वरी महामाया माता और कौशल्या माता का नमन करता हूं। साथ ही बिरसा मूंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, ठाकुर प्यारेला्ल सिंह एवं बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव को भी नमन करता हूं। मैं 5 साल भाजपा का छत्तीसगढ़ प्रभारी रह चुका हूं। छत्तीसगढ़ का ऐसा कोई जिला नहीं होगा जहां प्रभारी के रूप में नहीं गया। छाती ठोककर कहता हूं कि छत्तीसगढ़ राज्य भाजपा की देन है। छत्तीसगढ़ राज्य अटल जी की देन है। यही नहीं केन्द्र में भाजपा की सरकार रहते हुए में ही छत्तीसगढ़ को एम्स, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय एवं पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय मिला। मोदी जी की सरकार ने छत्तीसगढ़ के कुछ शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने हजारों करोड़ दिए। छत्तीसगढ़ की इस सरकार ने क्या किया, 7 हजार करोड़ का कर्ज लिया। ऑन लाइन शराब बिकवाई। कोल एवं शराब माफिया को प्रश्रय दिया। हम रायपुर में स्काई वॉक बना रहे थे। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार रहती तो यह आधा काम पूरा हो भी जाता कांग्रेस की सरकार इसे गिराने का काम कर रही है।

सम्मेलन को भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव एवं नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी संबोधित किया। आभार प्रदर्शन पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *