विधानसभा में भाजपा विधायकों का आरोप- चारा घोटाले से भी बड़ा गोबर खरीदी घोटाला

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा में आज भाजपा विधायकों ने गोबर खरीदी में धांधली होने की बात कहते हुए सरकार को घेरा। विपक्ष ने आरोप लगाया कि गोबर खरीदी घोटाला चारा घोटाले से भी बड़ा घोटाला है।

प्रश्नकाल में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल का सवाल था कि वर्ष 2019 से अब तक की स्थिति में प्रदेश में कितने गोठान स्वीकृत हुए? स्वीकृत गोठानों में से कितने गोठान पूर्ण एवंं कितने अपूर्ण हैं? संचालित गोठानों से अब तक कितनी राशि की गोबर खरीदी की गई तथा खरीदे गए गोबर से कितनी मात्रा में वर्मी कम्पोस्ट एवं अन्य उत्पाद निर्मित किए गए एवं बेचे गए? कृषि मंत्री ताम्रध्वज साहू की तरफ से जवाब आया कि प्रदेश में 1 जनवरी 2019 से 30 जून 2023 तक कुल 10 हजार 336 गोठान स्वीकृत किए गए। इनमें से 10 हजार 240 गोठान पूर्ण एवं 84 गोठान विभिन्न कारणों से अपूर्ण हैं। अब तक 1 करोड़ 23 लाख 19 हजार 845 क्विंटल गोबर 246 करोड़ 39 लाख 69 हजार में खरीदा गया। भाजपा विधायक सौरभ सिंह ने सवाल उठाया कि यदि 246 करोड़ की गोबर खरीदी हुई तो फिर 229 करोड़ का स्टॉक कहां पर है। इसमें फर्जी खरीदी हुई है। मेरे ही विधानसभा क्षेत्र में दो ऐसी महिलाओं से 2 लाख 82 हजार का गोेबर खरीदा गया जिनके घर गाय ही नहीं है। भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि यह लालू के चारा घोटाला से भी बड़ा घोटाला है। मैं कुछ गोठानों का निरीक्षण करने गया था। एक-दो जगह ये भी देखने में आया कि गोबर आया नहीं लेकिन कागज पर चढ़ा दिया गया। नारायण चंदेल ने कहा कि इस मामले की विधानसभा की कमेटी से जांच कराई जानी चााहिए। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह समझ से परे है कि मुंगेली इलाके में एक किसान 45 से 46 लाख का गोबर बेच लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *