मुख्यमंत्री की छवि खराब करने ईडी और भाजपा ने मिलकर रची साजिश… बयान देने वाला ड्रायव्हर भाजपा का कार्यकर्ता- सुशील आनंद

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि ईडी और भाजपा ने मिलकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि खराब करने की साजिश रची है। मात्र एक ड्रायव्हर के बयान के आधार पर ईडी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जांच के दायरे में खड़ा करने की कोशिश कर रही है। सच्चाई यह है कि वह ड्रायव्हर भाजपा का कार्यकर्ता है।

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर ईडी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि खराब करने के उद्देश्य से एक दुर्भावनापूर्वक प्रेस नोट जारी किया। इसमें ईडी ने सिर्फ एक आरोपी के फौरी बयान के आधार पर मुख्यमंत्री के खिलाफ बिना किसी प्रमाण के, बिना किसी जांच के पैसे लेने का प्रेस नोट हड़बड़ी में जारी कर दिया। यह प्रेस नोट भाजपा को एक चुनावी मुद्दा देने के उद्देश्य से जारी किया गया। जिस ड्रायव्हर के बयानों के आधार पर मुख्यमंत्री पर अनर्गल आरोप लगाये गये हैं वह भाजपा का कार्यकर्ता है। वह वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेमप्रकाश पांडे के अनन्य सहयोगी पियूष मिश्रा का सहयोगी है। वह पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का भी कार्यकर्ता है। डॉ. रमन सिंह के साथ उसकी तस्वीर सोशल मीडिया में है। महादेव एप्प को भाजपा का पूरा संरक्षण है। केंद्र सरकार और भाजपा के संरक्षण में ही महादेव एप्प चल रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस के साथ महादेव एप्प के सरगना सौरभ चंद्राकर और युसूफ पुट्टी की तस्वीर है। युसूफ पुट्टी के साथ दुबई कौन से भाजपा नेता गये थे इसकी जांच होनी चाहिये? डॉ. रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह और एक पूर्व नौकरशाह का बेटा दुबई क्यों जाते हैं इसका जवाब सामने आए? अभिषेक सिंह का पासपोर्ट सार्वजनिक हो।

शुक्ला ने कहा कि महादेव एप्प को भाजपा की केंद्र सरकार और यूपी की योगी सरकार का संरक्षण है। यदि ऐसा नहीं है तो केंद्र सरकार महादेव एप्प के सरगना जो दुबई में बैठे हैं उनके खिलाफ कार्यवाही क्यों नहीं कर रही है? उनको भारत लाने के लिये क्या प्रयास किये गये? केंद्र सरकार इस ऑनलाईन गेमिंग एप्प पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगा रही है? जब चाईना 150 से अधिक एप्प पर एक दिन में प्रतिबंध लगा सकता है तो यहां इस एक एप्प पर प्रतिबंध क्यों नहीं? महादेव एप्प बनाकर संगठित आर्थिक अपराध सट्टा खिलाने का नेटवर्क पूरे देश में चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में महादेव एप्प के संचालन की जानकारी सामने आयी थी। इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी सामने आने के बाद महादेव एप्प के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस व्दारा लगातार कार्यवाही की जाती रही है। बड़े पैमाने पर अपराधियों की छत्तीसगढ़ और देश भर में गिरफ्तारियां की गई। अभी तक छत्तीसगढ़ पुलिस महादेव एप्प से जुड़े  449 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जैसे ही पता चला कि महादेव एप्प संचालन का केंद्र बिन्दु उत्तर प्रदेश का नोएडा शहर है जो राष्ट्रीय राजधानी के क्षेत्र में भी आता है, छत्तीसगढ़ पुलिस वहां कार्यवाही करने गई थी। जब छत्तीसगढ़ पुलिस ने नोएडा में 9 सटोरियों को गिरफ्तार किया तब उत्तर प्रदेश पुलिस सहयोग करने के बजाय अपराधियों के बचाव में उतर गई थी। यूपी पुलिस ने कार्यवाही करने वाले पुलिस अधिकारियों पर धारा 365 के तहत अपहरण का अपराध दर्ज कर लिया था। यही नहीं जब नोएडा पुलिस को यह जानकारी मिली कि छत्तीसगढ़ पुलिस अपराधियों पर कार्यवाही करने आ रही है तब उसने एक दिन पहले 9 आरोपियों को जुआ एक्ट में गिरफ्तार कर लिया था ताकि छत्तीसगढ़ पुलिस उन्हें पकड़ न पाये और बाद में उन आरोपियों को मुचलके पर छोड़ भी दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *